- सीएम हेल्पलाइन, जल गंगा संवर्धन, नीट परीक्षा एवं नरवाई प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा राजगढ़(ईएमएस)l कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समय-सीमा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेष रूप से सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को त्वरित राहत मिल सके। बैठक में “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्रों से जुड़े पेयजल स्रोतों की स्थिति की जानकारी ली गई। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने निर्देश दिए कि सभी पेयजल स्रोतों का नियमित परीक्षण कराया जाए तथा जहां कहीं पाइपलाइन क्षतिग्रस्त या टूटी हुई है, उन्हें तत्काल बदलकर सुचारू जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही पेयजल स्रोतों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने हेतु कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए, जिससे निगरानी व्यवस्था सुदृढ़ हो सके। आगामी नीट परीक्षा के आयोजन को लेकर भी बैठक में विस्तार से चर्चा की गई। नीट परीक्षा के आयोजन हेतु राजगढ़ एवं ब्यावरा में परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए है। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं जैसे वीडियोग्राफी, पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था, सुरक्षा एवं विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इस संबंध में विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में जिले में बढ़ते नरवाई जलाने के मामलों पर भी गंभीरता से विचार किया गया। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने राजगढ़ एवं खुजनेर तहसीलदारों को निर्देशित किया कि नरवाई जलाने वाले किसानों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए जुर्माना एवं एफआईआर दर्ज की जाए। साथ ही 12 हल्कों में विशेष निगरानी अभियान चलाकर मौके पर निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में नरवाई जलाने के प्रकरण सामने आ रहे हैं, उनका विस्तृत प्रतिवेदन तैयार कर डीडीए को प्रेषित किया जाए, ताकि प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही एसडीएम राजगढ व खिलचीपुर को निर्देशित किया है कि नरवाई जलाने के मामलों पर कार्यवाही सुनिश्चित करें। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने कार्यों में समन्वय बनाए रखते हुए शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करें तथा आमजन की समस्याओं के समाधान में तत्परता दिखाएं। बैठक में अपर कलेक्टर श्री प्रताप सिंह चौहान सहित संबंधित विभागीय स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने विशेष रूप से विद्युत विभाग (एमपीईबी) की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए कहा कि समाधान योजना के अंतर्गत नागरिकों द्वारा जमा कराए गए बिजली बिलों को पुनः जमा करने के लिए किसी भी स्थिति में बाध्य न किया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि आमजनों को अनावश्यक परेशान न किया जाए तथा पारदर्शिता के साथ कार्य सुनिश्चित किया जाए। जिन उपभोक्ताओं का विद्युत कनेक्शन काट दिया गया है, उन्हें भी समय पर बिल उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे अपने बकाया का भुगतान कर सकें और अनावश्यक विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि विद्युत सेवाओं में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी और शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंवाद को सशक्त बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने सभी सब डिवीजन स्तर के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रत्येक माह कम से कम दो बार रात्रि चौपाल का आयोजन सुनिश्चित करें। इन चौपालों के माध्यम से आमजन की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका मौके पर ही निराकरण किया जाए, जिससे प्रशासन और जनता के बीच संवाद और विश्वास मजबूत हो सके। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने बीएसएनएल द्वारा संचालित लाईनों के आस पास की जगहों पर जेसीबी द्वारा खोदने के मामले पर जाने पर जेसीबी संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई करने एवं उनकी मशीनें जब्त करने के निर्देश दिए गए। साथ ही बिना अनुमति या नियमानुसार प्रक्रिया का पालन किए बिना किसी भी प्रकार की खुदाई का कार्य नहीं किया जाए, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी। -निखिल/राजगढ़/28/4/2026