क्षेत्रीय
28-Apr-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। शिवसेना ने गौ माता के संरक्षण और सम्मान के लिए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री को मांग पत्र सौंपा है। बिलासपुर जिलाधीश के माध्यम से भेजे गए इस मांग पत्र को कामगार सेना संभाग अध्यक्ष राधे खांडेकर के नेतृत्व में प्रस्तुत किया गया। यह पहल शिवसेना प्रदेश प्रमुख धनंजय सिंह परिहार के आदेश और प्रदेश महासचिव सुनील कुमार झा के मार्गदर्शन में की गई। जिला मीडिया प्रभारी रोमेश शर्मा ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि गौ माता हिन्दू धर्म में अत्यंत पूजनीय हैं और कृषि व ग्रामीण अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। मांग पत्र में गौ माता को राज्य माता का दर्जा प्रदान करने की मांग की गई है। इसके अतिरिक्त, गौ संरक्षण हेतु स्थापित गौठानों को पुन: संचालित करने तथा प्रत्येक गौठान में दो गौ सेवकों की कलेक्टर दर पर नियुक्ति करने की बात कही गई है। मांगों में गौ माता की हत्या करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने और गौ तस्करी में संलिप्त वाहनों को राजसात करने का प्रावधान भी शामिल है। शिवसेना इन मांगों को पूर्ण कराने के समर्थन में गांव-गांव जाकर हस्ताक्षर अभियान चला रही है, जिसके तहत एकत्रित हस्ताक्षरों की प्रतियां भी मांग पत्र के साथ संलग्न की गई हैं। ज्ञापन सौंपते समय प्रदेश महासचिव सुनील कुमार झा, संभाग कामगार सेना अध्यक्ष राधे खांडेकर, प्रदेश सचिव संतोष कौशल, प्रदेश महासचिव महिला सेना संगीता सोनी, प्रदेश सचिव महिला सेना अनामिका अवस्थी, जिला अध्यक्ष महिला सेना रेवती यादव, महानगर अध्यक्ष मणि शंकर शर्मा, युवा सेना जिला अध्यक्ष दुर्गेश सिंह ठाकुर, अजय वैद्य, श्यामू विश्वकर्मा, कमलेश गुप्ता, नकुल राम कोरी, मुकेश ठाकुर, रमेश खांडेकर, विनीता वैद्य, ममता गुप्ता, सोनिया कौशल और रोमेश शर्मा सहित अन्य शिव सैनिक उपस्थित थे। - 28 अप्रैल 2026