व्यापार
28-Apr-2026


मुंबई (ईएमएस)। बेन कैपिटल समर्थित धूत ट्रांसमिशन ने इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) क्षेत्र में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए बेंगलुरु स्थित मल्टीलिंक का अधिग्रहण किया है। कंपनी ने मंगलवार को घोषणा की कि यह कदम दोपहिया व तिपहिया वाहनों में बढ़ते विद्युतीकरण के रुझान का लाभ उठाने की रणनीति के अनुरूप है। मल्टीलिंक दोपहिया एवं तिपहिया मूल उपकरण विनिर्माताओं (ओईएम) के लिए विद्युत और इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद बनाती है। धूत ट्रांसमिशन के प्रबंध निदेशक ने इस अधिग्रहण को एक रणनीतिक कदम बताया, जिससे मल्टीलिंक के उत्पाद खंड और ग्राहकों के साथ उसके लंबे समय से संबंध धूत के लिए फायदेमंद होंगे। यह अधिग्रहण धूत को तेजी से बढ़ते दोपहिया व तिपहिया क्षेत्रों में अपनी स्थिति मजबूत करने में मदद करेगा, जहां विद्युतीकरण और इलेक्ट्रॉनिक सामग्री की बढ़ती मांग संरचनात्मक वृद्धि को बढ़ावा दे रही है। हालांकि, सौदे के आकार का खुलासा नहीं किया गया है। धूत ट्रांसमिशन की वैश्विक स्तर पर 20 विनिर्माण इकाइयां हैं, जो डिजाइन, इंजीनियरिंग और विनिर्माण कार्यों में संलग्न हैं। सतीश मोरे/28अप्रैल ---