- 1.6 लाख करोड़ का करेगी निवेश, देश को डेटा और एआई अर्थव्यवस्था में मिलेगी निर्णायक बढ़त मुंबई (ईएमएस)। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के वैश्विक मंच पर भारत की धमक बढ़ाने के लिए रिलायंस इंडस्ट्रीज ने एक महत्वाकांक्षी योजना का अनावरण किया है। कंपनी आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में 1.6 लाख करोड़ रुपये का विशाल निवेश कर एक अत्याधुनिक एआई डेटा सेंटर क्लस्टर स्थापित करने जा रही है, जो देश को डेटा और एआई अर्थव्यवस्था में निर्णायक बढ़त दिलाएगा। यह क्लस्टर, जिसकी क्षमता गूगल के 1 गीगावॉट डेटा सेंटर से भी अधिक होगी, रिलायंस की तकनीकी क्षेत्र में बढ़ती महत्वाकांक्षा का प्रतीक है। इसका उद्देश्य भारत को डेटा और एआई के वैश्विक मानचित्र पर एक प्रमुख स्थान दिलाना है। 935 एकड़ में फैले इस मेगा प्रोजेक्ट को तीन चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में 500 मेगावॉट क्षमता का डेटा सेंटर अक्टूबर 2028 तक शुरू होने की उम्मीद है, जिसे बाद में 1 गीगावॉट तक बढ़ाया जाएगा। इसमें केबल लैंडिंग स्टेशन और डीसैलीनेशन प्लांट भी शामिल होंगे। विशाखापत्तनम, जो तेजी से डेटा सेंटर हब के रूप में उभर रहा है, भोगापुरम एयरपोर्ट के पास इस प्रोजेक्ट की मेजबानी करेगा। कनेक्टिविटी के साथ-साथ, रिलायंस इसमें 51,300 करोड़ रुपये का निवेश ग्रीन एनर्जी पर भी कर रही है, जिसमें 9000 मेगावॉट पीक सोलर क्षमता शामिल है। यह पहल भारत के डिजिटल भविष्य के लिए एक स्थायी और आत्मनिर्भर नींव रखेगी। सतीश मोरे/28अप्रैल ---