भिंड ( ईएमएस ) भारौली निवासी एक युवक ने सती माता मंदिर में अपनी जीभ काटकर चढ़ा दी। युवक ने कहा- गुरु का आदेश हुआ, इसलिए मैंने जीभ काटी। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्राम भारौली निवासी सरपंच उदयवीर के 21 साल के भतीजे आकाश ने जीभ काटी है। वह सोमवार दोपहर मंदिर पहुंचा और परिसर में चाकू से अपनी जीभ काट ली। यह देख अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों की मदद से परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों के अनुसार , युवक की जीभ पर गंभीर चोट आई है, जिसके चलते उसे बोलने में दिक्कत हो रही है। फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर है। घटना की सूचना मिलते ही भारौली पुलिस भी युवक से मिलने पहुंची। पुलिस ने मंदिर में मौजूद लोगों से भी बात की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।