बालोद(ईएमएस)। जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां पत्नी के कथित रूप से प्रेमी के साथ चले जाने से आहत होकर एक पति ने आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 42 वर्षीय परमानंद यादव के रूप में हुई है, जो ग्राम किलेपार (रनचिरई) का निवासी था। जानकारी के अनुसार, परमानंद यादव की पत्नी अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई थी। पिछले तीन दिनों से वह पत्नी को मनाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद वह पत्नी के प्रेमी के गांव चौरेल (अर्जुन्दा) पहुंचा और उसके घर के सामने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया। अर्जुन्दा थाना प्रभारी इंद्रा वैष्णव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पत्नी के प्रेमी के साथ चले जाने की बात सामने आई है, जिससे आहत होकर व्यक्ति ने यह कदम उठाया। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जांच जारी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)28 अप्रैल 2026