क्षेत्रीय
28-Apr-2026
...


- अश्लील वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर 6 साल से कर रहा था ज्यादती - पीड़िता 16 साल की थी तब से बना रहा था हवस का शिकार - धमकी देकर आर्य समाज मंदिर में जर्बदस्ती की शादी भोपाल(ईएमएस)। शहर की स्टेशन बजरिया थाना पुलिस ने नाबालिग से ज्यादती किये जाने का सनसनीखेज मामला दर्ज किया है। आरोपी किशोरी का अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसका शारीरिक शोषण कर रहा था। प्रकरण में हैरानी वाली बात यह है की आरोपी पीड़िता का अपने साथ रखते हुए उसके परिवार वालो से भी बातचीत नहीं करने देता था। और हर समय उस पर निगाह रखता था। ऐसे में मौका पाकर पीड़िता ने इसकी सूचना स्पीड पोस्ट के जरिए थाने को दी थी। जानकारी लगने पर पुलिस ने स्पीड पोस्ट के आधार पर प्ररकण दर्ज किया। संभवत राजधानी में इस तरह का यह पहला मामला है। थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार क्षेत्र में रहने वाली 21 साल की पीड़िता स्नातक की पढ़ाई कर चुकी है। अपनी शिकायत में उसने बताया की पड़ोस में रहने वाला आरोपी रोहित विश्वकर्मा (24) उसके भाई का दोस्त था। जिसके कारण वह उसे पहचानती थी, और रोहित का उसके घर भी आना-जाना लगा रहता था। आरोप है की अगस्त 2020 में आरोपी उसके घर आया उस समय पीड़िता के परिवार वाले नहीं थे। इस दौरान आरोपी ने पीड़िता के नाबालिग अवस्था में कपड़े बदलते हुए वीडियो बना लिया था। बाद में वह इस वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर उसका शोषण करने लगा। बाद में युवती के परिजनो ने उसकी शादी के लिये रिश्ते की बात चलानी शुरु की। इसकी जानकारी लगने पर आरोपी पीड़िता को झांसा देकर अपने साथ ले गया और आर्य समाज मंदिर में ले जाकर उसके साथ जर्बदस्ती शादी कर ली। साथ ही आरोपी ने धमकी दी कि यदि उसने किसी को कुछ बताया तो वह उसका वीडियो वायरल कर देगा। इसके बाद आरोपी ने युवती पर दबाव बनाकर किराए के कमरे में अपने साथ रख लिया। आरोपी ने उसका फोन छीन लिया और परिवार वालो से बातचीत करने से भी मना कर दिया। इधर परिवार वाले बेटी की तलाश कर रहे थे। इसी बीच आरोपी की करतूतो से तंग आकर पीड़िता ने स्टेशन बजरिया थाना पुलिस को स्पीड पोस्ट के जरिए सारी घटना बता दी। थाना पुलिस ने बताया कि आरोपी द्वारा पीड़िता के साथ अगस्त, 2020 से लगातार ज्यादती की जा रही थी। इसलिए आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। जुनेद / 28 अप्रैल