ग्वालियर ( ईएमएस ) | चम्बल संभागीय मुख्यालय स्थित चम्बल भवन, मुरैना में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में चम्बल संभाग के आयुक्त श्री सुरेश कुमार ने कुल 12 आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। जनसुनवाई के दौरान उपस्थित नागरिकों ने अपनी विभिन्न प्रकार की समस्याएँ प्रस्तुत कीं। प्राप्त आवेदनों में प्रमुख रूप से राजस्व, पुलिस एवं भूमि विवाद, साफ-सफाई व्यवस्था, नालियों के अवरुद्ध होने तथा जलभराव से संबंधित मुद्दे शामिल रहे। आयुक्त सुरेश कुमार ने सभी प्रकरणों का गंभीरतापूर्वक अवलोकन करते हुए प्रत्येक आवेदन की संक्षिप्त जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित मामलों का निराकरण नियमानुसार, पारदर्शी एवं समयबद्ध प्रक्रिया के अंतर्गत सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने आवेदकों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का शीघ्र, प्रभावी एवं संतोषजनक समाधान किया जाएगा।