- परिवार सहित प्राथमिक सदस्यता से दिया इस्तीफा, भविष्य चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा ब्यावरा(ईएमएस)l नगर पालिका परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पूनम मेवाड़े और उनकी पत्नी, वार्ड क्रमांक-1 की पार्षद उमा मेवाड़े ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। यह इस्तीफा पूरे परिवार सहित दिया गया है, जिससे स्थानीय राजनीति का माहौल गरमा गया है । पार्षद उमा मेवाड़े की ओर से जारी लेटरहेड पर दिए गए इस्तीफे में उन्होंने स्वयं, पति पूनम मेवाड़े, पुत्र आशीष मेवाड़े और अरुण मेवाड़े के नाम का उल्लेख किया है। इसमें कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता छोड़ने की बात कही गई है। इस्तीफे का कारण पारिवारिक दायित्व, निजी व्यस्तताएं और संगठन को पर्याप्त समय न दे पाना बताया गया है। हालांकि, पार्षद उमा मेवाड़े ने अपने पद से इस्तीफा नहीं दिया है। पूनम मेवाड़े ने स्पष्ट किया कि उनकी पत्नी का पार्षदी कार्यकाल अभी लगभग एक वर्ष शेष है। इसलिए, फिलहाल केवल संगठन से दूरी बनाई गई है, पद से नहीं। पूनम मेवाड़े ने यह भी घोषणा की है कि वे भविष्य में कोई चुनाव नहीं लड़ेंगे। उनके इस बयान ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है। - कांग्रेस कार्यकारिणी की घोषणा के बाद दिया इस्तीफा इस इस्तीफे का समय महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह निर्णय हाल ही में कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी की घोषणा के तुरंत बाद सामने आया है। राजनीतिक गलियारों में यह कयास लगाए जा रहे हैं कि कार्यकारिणी में स्थान न मिलने से असंतोष की स्थिति बनी हो सकती है। पूनम मेवाड़े को ब्यावरा के वरिष्ठ और साफ छवि वाले कांग्रेस नेताओं में गिना जाता रहा है। ऐसे में उनका परिवार सहित इस्तीफा स्थानीय राजनीति के समीकरणों पर असर डाल सकता है। फिलहाल पार्टी स्तर पर इस इस्तीफे पर अंतिम निर्णय लिया जाना बाकी है, लेकिन इस घटनाक्रम ने जिले की सियासत को गर्म कर दिया है। -निखिल/ब्यावरा/28/4/2026