राजगढ़(ईएमएस)l मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले की अध्यक्षता में सोमवार को जिला पंचायत सभागार में अंतरविभागीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी विकासखंडों के पशु चिकित्सक, पशु चिकित्सा क्षेत्राधिकारी, दुग्ध संघ एवं वन विभाग के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में शीरधारा ग्राम योजना अंतर्गत चयनित 47 ग्रामों में संचालित आधारभूत सर्वेक्षण कार्य की ग्रामवार एवं विकासखंडवार समीक्षा की गई। साथ ही टीकाकरण, बधियाकरण, बांझपन उपचार, दोधारू एवं प्रजनन योग्य मादा पशुओं की जानकारी संकलन तथा आवारा पशुओं के गौशालाओं में विस्थापन जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. गढ़पाले द्वारा न्यूनतम प्रगति वाले ग्रामों के संबंध में कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए एक ग्राम के नोडल अधिकारी का एक माह का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। साथ ही न्यूनतम कार्य करने वाले 10 ग्रामों के नोडल अधिकारियों को एक सप्ताह में प्रगति सुधार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। शीरधारा ग्रामों का औचक निरीक्षण करने तथा न्यूनतम टीकाकरण वाले क्षेत्रों में 15 दिवस के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए। पशुओं में बांझपन निवारण शिविर आयोजित करने, सॉर्टेड सीमन के अधिकतम उपयोग तथा दुग्ध समितियों के माध्यम से पशुपालकों को पशुओं की टैगिंग हेतु प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए। जिला नोडल अधिकारी डॉ. सोनाली ठाकुर द्वारा जानकारी दी गई कि ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण केंद्र के माध्यम से चयनित शीरधारा ग्रामों में शीघ्र प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किए जाएंगे तथा एनजीओ के सहयोग से पशु स्वास्थ्य, चारा विकास एवं पशुपालन जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे। -निखिल/राजगढ़/28/4/2026