ग्वालियर ( ईएमएस ) | समर्थन मूल्य पर गेहूँ उपार्जन के लिए जिले में स्थापित खरीदी केंद्रों पर किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। ठंडा पानी, छांव, गुड़-चना, ओआरएस और शरबत जैसी व्यवस्थाओं से किसान संतुष्ट हैं और उपार्जन केंद्रों पर मिल रही सेवा भावना की सराहना कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप जिला प्रशासन द्वारा किसानों की सुविधा, सम्मान और समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बेहतर प्रबंधन के कारण खरीदी केंद्रों पर उपार्जन प्रक्रिया सुगम, व्यवस्थित और पारदर्शी बनी हुई है। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने उपार्जन व्यवस्था से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों को खरीदी केंद्रों का लगातार निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि किसानों को समर्थन मूल्य पर अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसी क्रम में मंगलवार को अपर कलेक्टर श्री कुमार सत्यम ने विभिन्न उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने किसानों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने और खरीदी प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। जिले में उपार्जन केंद्रों पर की गई बेहतर व्यवस्थाएं किसानों के लिए राहतकारी साबित हो रही हैं। किसान बिना परेशानी अपनी उपज बेच पा रहे हैं, जिससे शासन की किसान हितैषी पहल का सकारात्मक प्रभाव नजर आ रहा है।