क्षेत्रीय
28-Apr-2026


मधुबनी, (ईएमएस)। मधुबनी जिले में व्यावसायिक वाहनों के बकाया कर की वसूली को लेकर परिवहन विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। डिफॉल्टर वाहन मालिकों को नोटिस भेजने के साथ-साथ मोबाइल के माध्यम से भी बकाया राशि की जानकारी दी जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी संबंधित वाहन स्वामी शीघ्र परिवहन कार्यालय पहुंचकर अपना बकाया जमा करें, अन्यथा उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। जिला परिवहन पदाधिकारी रामबाबू ने बताया कि जिले के कुल 152 व्यावसायिक वाहनों के स्वामियों पर 62 लाख 53 हजार 257 रुपये की राशि बकाया है। इसमें 54 बस मालिकों पर 34 लाख 29 हजार 282 रुपये, दो गुड्स कैरियर वाहन मालिक पर 21 लाख 10 हजार 791 रुपये, दो मैक्सी कैब वाहन मालिक पर 1 लाख 614 रुपये, 10 मोटर कैब वाहन मालिकों पर 5 लाख 27 हजार 289 रुपये तथा चार ओमनी बस वाहन स्वामियों पर 85 हजार 281 रुपये बकाया है। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा सभी डिफॉल्टरों को नोटिस भेजा जा चुका है और उन्हें मोबाइल के जरिए भी सूचना दी जा रही है। ताकि वे समय रहते अपनी बकाया राशि जमा कर सकें। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर राशि जमा नहीं करने वाले वाहन स्वामियों के खिलाफ सर्टिफिकेट केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कार्तिक कुमार/संतोष झा- २८ अप्रैल/२०२६/ईएमएस