-इससे आत्मविश्वास बढ़ता है, भविष्य में बेहतर अवसरों के दरवाजे भी खुलते हैं वाशिंगटन (ईएमएस)। अमेरिका में पढ़ाई पूरी करने के बाद हजारों भारतीय छात्र अब अपने करियर की नई शुरुआत के लिए तैयार हैं। ऐसे में “ऑप्शनल प्रैक्टिकल ट्रेनिंग” यानी ओपीटी उनके लिए एक अहम अवसर बनकर सामने आता है। यह प्रोग्राम छात्रों को पढ़ाई के बाद अमेरिका में काम करने का मौका देता है, जिससे वे प्रोफेशनल अनुभव हासिल कर सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ओपीटी के तहत आमतौर पर छात्रों को एक साल तक काम करने की अनुमति मिलती है। वहीं, साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग और मैथ्स से जुड़े कोर्स करने वाले छात्रों को दो साल का अतिरिक्त विस्तार भी मिल सकता है, जिससे कुल अवधि तीन साल तक हो जाती है। ओपीटी छात्रों को अमेरिकी वर्क कल्चर समझने और व्यावहारिक अनुभव हासिल करने का मौका देता है। इससे न सिर्फ उनका आत्मविश्वास बढ़ता है, बल्कि भविष्य में बेहतर अवसरों के दरवाजे भी खुलते हैं। यह प्रोग्राम लंबे समय तक काम करने का अवसर देता है, खासकर एसटीईएम छात्रों के लिए। तीन साल तक का अनुभव किसी भी छात्र के करियर को मजबूत आधार दे सकता है। ओपीटी की सबसे बड़ी खासियत इसकी लोकेशन फ्लेक्सिबिलिटी है। छात्र अमेरिका के किसी भी हिस्से में नौकरी कर सकते हैं, जिसमें सिलिकॉन वैली जैसे प्रमुख टेक हब भी शामिल हैं। यहां काम करने का अवसर मिलना किसी भी युवा के लिए बड़ी उपलब्धि होती है। ओपीटी केवल नौकरी ही नहीं, बल्कि नेटवर्किंग का भी एक मजबूत माध्यम है। इस दौरान छात्र कई कंपनियों, संस्थानों और प्रोफेशनल्स से जुड़ते हैं, जो आगे चलकर करियर ग्रोथ में मददगार साबित होते हैं। इस प्रोग्राम के जरिए छात्रों को बहुराष्ट्रीय माहौल में काम करने का मौका मिलता है। दुनिया भर के प्रोफेशनल्स के साथ काम करने से उनका दृष्टिकोण व्यापक होता है और वैश्विक स्तर पर करियर बनाने की संभावनाएं बढ़ती हैं। ओपीटी भविष्य के कई रास्ते खोलता है। चाहे आगे की पढ़ाई करनी हो, किसी विशेष क्षेत्र में विशेषज्ञता हासिल करनी हो या अमेरिका में स्थायी करियर बनाना हो। यह एक मजबूत शुरुआत प्रदान करता है। कई कंपनियां ओपीटी के दौरान ही छात्रों को परखकर उन्हें फुल-टाइम नौकरी का ऑफर भी देती हैं। ओपीटी को लेकर कई भ्रम भी हैं। कुछ लोग इसे कठिन या सीमित अवसर वाला मानते हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि अमेरिका में कम से कम एक साल की पढ़ाई करने वाले अधिकांश छात्र इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। कुल मिलाकर ओपीटी भारतीय छात्रों के लिए एक सुनहरा अवसर होता है, लेकिन इसके नियमों, समयसीमा और संभावनाओं को समझकर ही इसका पूरा लाभ उठाया जा सकता है। सिराज/ईएमएस 29 अप्रैल 2026