राष्ट्रीय
29-Apr-2026


-भवानीपुर सीट टीएमसी-बीजेपी के लिए बनी साख का सवाल, अभिषेक ने भी डाला वोट भवानीपुर,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में कोलकाता के भवानीपुर में एक दिलचस्प राजनीतिक पल देखने को मिला, जब सीएम ममता बनर्जी और बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी एक ही समय वार्ड नंबर 73 के एक मतदान केंद्र पर पहुंचे। हालांकि दोनों नेताओं के बीच कोई बातचीत नहीं हुई, लेकिन उनकी एक साथ मौजूदगी ने चुनावी माहौल को और गरमा दिया। यह घटना उस समय हुई जब बुधवार सुबह दक्षिण बंगाल की 142 सीटों पर मतदान जारी है। भवानीपुर इस चुनाव में सबसे चर्चित सीटों में से एक है, जहां मुकाबला मुख्य रूप से सत्तारूढ़ टीएमसी और बीजेपी के बीच है। भवानीपुर सीट का राजनीतिक महत्व इसलिए भी ज्यादा है क्योंकि यह ममता बनर्जी का पारंपरिक गढ़ रहा है। इसको ध्यान में रखते हुए बीजेपी ने यहां से सुवेंदु अधिकारी को मजबूत चुनौती के रूप में उतारा है। सुवेंदु नंदीग्राम सीट से भी चुनाव लड़ रहे हैं, जहां उन्होंने 2021 के विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी को हराया था। नंदीग्राम में पहले चरण में मतदान हो चुका है। भवानीपुर का यह मुकाबला नंदीग्राम की चुनावी टक्कर का रीमैच माना जा रहा है। बता दें सुवेंदु पहले ममता बनर्जी के करीबी सहयोगी और शिष्य थे, लेकिन 2021 चुनाव से पहले उन्होंने टीएमसी छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए थे। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक दोनों पार्टियों के लिए भवानीपुर सीट प्रतिष्ठा का सवाल बन गई है। टीएमसी के लिए यह सीएम के अपने क्षेत्र की साख से जुड़ी है, जबकि बीजेपी और खासकर शुभेंदु अधिकारी के लिए यहां जीत हासिल करना एक बड़ा राजनीतिक संदेश देने जैसा है। भवानीपुर सीट 2011 से टीएमसी का गढ़ रही है। वरिष्ठ नेता सुभ्रत बक्शी ने यहां से जीत हासिल की थी और बाद में सीट छोड़ दी थी, जिससे ममता बनर्जी सीएम बनने के बाद उपचुनाव के जरिए विधानसभा पहुंचीं थी। उन्होंने 2016 में भी इस सीट को बरकरार रखा। 2021 में ममता बनर्जी ने नंदीग्राम से चुनाव लड़ा, लेकिन उन्हें सुवेंदु से हार गईं। इसके बाद उन्होंने भवानीपुर उपचुनाव जीतकर वापसी की और बीजेपी उम्मीदवार प्रियंका टिबरेवाल को 58,000 से ज्यादा मतों से हराया। मतदान के बीच भवानीपुर एक बार फिर राजनीतिक सुर्खियों में बना है, जो राज्य की सियासत और वर्तमान चुनावी प्रतिस्पर्धा का केंद्र बन गया है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कोलकाता के भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में टीएमसी नेता और सांसद अभिषेक बनर्जी ने मित्रा संस्थान मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। इस दौरान उन्होंने बीजेपी के दावों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए अपनी पार्टी की जीत का भरोसा जताया। अभिषेक बनर्जी ने कहा कि ऐसे दावे पहले भी किए गए थे, लेकिन हर बार नतीजे इसके उलट ही आए हैं। सिराज/ईएमएस 29अप्रैल26