राज्य
29-Apr-2026


धनबाद(ईएमएस)।बेंगलुरु में झारखंड के धनबाद की रहने वाली 34 वर्षीय पूजा दत्ता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जिसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पूजा का शव उनके किराए के फ्लैट से नग्न और खून से लथपथ अवस्था में बरामद किया गया। शव अर्ध-सड़ी हुई हालत में था, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि उनकी मौत दो से तीन दिन पहले हो चुकी थी।घटना का खुलासा तब हुआ जब अपार्टमेंट के लोगों ने फ्लैट से दुर्गंध आने की शिकायत पुलिस से की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और शव को बरामद किया। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, हालांकि कमरे में फटे हुए कागज जरूर पाए गए हैं। पुलिस आत्महत्या और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।मृतका पूजा दत्ता मूल रूप से धनबाद के हीरापुर स्थित इंद्रदेव टावर के पांचवें तल्ले पर बने फ्लैट में अपनी माँ, पिता, भाई और भाभी के साथ रहती थी। वह एक सॉफ्टवेयर प्रोफेशनल थीं और पहले बॉस इंडिया लिमिटेड कंपनी में कार्यरत थीं। वर्ष 2018 में कंपनी के काम से उन्हें जर्मनी भी भेजा गया था। बाद में उन्होंने कंपनी की नौकरी छोड़ दी थी। इस संबंध में कंपनी का एक पत्र उनके घर भी पहुंचा था, जिस पर परिवार ने पूछताछ की तो पूजा ने कहा था कि सब कुछ जल्द ही ठीक हो जाएगा।परिजनों के अनुसार, पूजा के पति इंदरनील बीट की मृत्यु मार्च 2021 में कोविड के दौरान हो गई थी। इस घटना से वह जरूर टूट गई थीं, लेकिन उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए एक महीने के भीतर ही वर्क फ्रॉम होम के जरिए दोबारा काम शुरू कर दिया था। वर्ष 2023 में उन्होंने परिवार को बताया था कि वह अब पूरी तरह ठीक हैं और बेंगलुरु में रहकर काम करना चाहती हैं, जिसके बाद परिवार ने उन्हें वहां शिफ्ट होने में मदद की।हालांकि, वर्ष 2024 से पूजा ने परिवार से पूरी तरह दूरी बना ली थी। उन्होंने सभी परिजनों के फोन नंबर ब्लॉक कर दिए थे और किसी से कोई संपर्क नहीं रखती थीं। परिवार का कहना है कि पूजा आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकती थीं, वह काफी मजबूत और हिम्मत वाली थीं।फिलहाल पुलिस ने संदिग्ध मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। कर्मवीर सिंह/29अप्रैल/26