मुरैना ( ईएमएस ) | मध्यप्रदेश के अन्य पिछड़ा वर्ग के युवाओं को सैन्य बल एवं अन्य समकक्ष सुरक्षा बलों, पुलिस होमगार्ड एवं निजी सुरक्षा एजेसियों में भर्ती के लिए गुणवत्तापूर्ण आवासीय प्रशिक्षण में पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा एक नवीन योजना के तहत पिछड़ा वर्ग के युवाओं हेतु शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना 2026 तैयार की गई है। मध्यप्रदेश के अन्य पिछड़ा वर्ग के युवाओं में राष्ट्र प्रेम की भावना, अनुशासन एवं कर्तव्य बोध विकसित करते हुए प्रदेश के अन्य पिछड़ा वर्ग के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण आवासीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। जिसमें शारीरिक प्रशिक्षण के साथ-साथ सैद्धांतिक विषयों में भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण पूर्णतः निशुल्क एवं आवासीय है। योजनांतर्गत मुरैना जिले में पिछड़ा वर्ग के 100 बालक एवं 100 बालिकाओं को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। शिष्यवृत्ति प्रशिक्षण अवधि में चयनित पात्र पुरुष प्रशिक्षणार्थियों को 1000 रूपए प्रतिमाह तथा पात्र महिला प्रशिक्षणार्थियों को 1100 रूपए प्रतिमाह की दर से शिष्यवृत्ति भी उपलब्ध करायी जाएगी। यह आवासीय प्रशिक्षण है, जिसकी कुल अवधि 45 दिवस निर्धारित है। पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के सहायक संचालक ने बताया कि योजना में सम्मिलित होने के लिए आवश्यक अर्हताएं जैसे शैक्षणिक योग्यता 12वीं उत्तीर्ण, आवेदक मध्यप्रदेश का मूल निवासी, मध्यप्रदेश में अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए घोषित अनुसूची में सम्मिलित अन्य पिछड़ा वर्ग का मध्यप्रदेश राज्य का सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी (नॉन क्रीमीलेयर) जाति प्रमाण-पत्र होना आवश्यक है। सैन्य बल एवं अन्य समकक्ष सुरक्षा बलों, पुलिस, होमगार्ड एवं निजी सुरक्षा एजेंसियों में भर्ती हेतु निर्धारित आयु सीमा निर्धारित है। शारीरिक माप न्यूनतम ऊँचाई पुरुष 168 से.मी. एवं महिला 155 से.मी. (सम्बंधित भर्ती विज्ञापन में प्रदत्त छूट लागू होगी)। आवेदक के पैरो के तलवे फ्लैट फूट श्रेणी में नहीं होना चाहिए। सावधान की मुद्रा में आवेदक के घुटने परस्पर नहीं मिलना चाहिए। अन्य शारीरिक मापदण्ड दृष्टि, जबड़े, निरोगी होना एवं अन्य निर्धारित मापदण्ड संतोषजनक होना चाहिए। सैद्धांतिक प्रशिक्षण योग्य एवं अनुभवी ट्रेनर के निर्देशन में निर्धारित पाठ्यक्रम अनुसार सामान्य ज्ञान, तर्कशक्ति, गणित, कम्प्यूटर, अंग्रेजी एवं अन्य आवश्यक विषयों का प्रतिदिन 04 घण्टे प्रशिक्षण। शारीरिक प्रशिक्षण शारीरिक क्षमता विकास हेतु योग्य एवं अनुभवी ट्रेनर के निर्देशन में प्रतिदिन 03 घण्टे (प्रातः एवं सायंकाल), शारीरिक प्रशिक्षण यथा रनिंग, ऊँची कूद, लंबी कूद, गोला फेक, भाला फेक एवं अन्य समकक्ष खेल-कूद गतिविधियां होगी। निःशुल्क प्रशिक्षण, आवासीय व्यवस्था, भोजन व्यवस्था एवं अध्ययन सामग्री तथा प्रशिक्षण स्थल पर पुरुष अभ्यर्थियों हेतु पिछड़ा वर्ग बालक पोस्ट मैट्रिक छात्रावास ए.बी. रोड मुरैना, महिला अभ्यर्थियों हेतु पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास, बडोखर मुरैना, आवेदन करने की अंतिम तिथि 11 मई 2026 है। प्रशिक्षण 12 मई 2026 से विधिवत प्रारंभ होगा। आवेदन प्रारूप विभागीय वेवसाइट www. bcwelfare.mp.gov.in एवं कार्यालय कलेक्टर पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण, कक्ष क्रमांक 208, द्वित्तीय तल कलेक्ट्रेट परिसर मुरैना से कार्यालयीन समय में प्राप्त किये जा सकते हैं।