क्षेत्रीय
29-Apr-2026
...


सक्ती(ईएमएस)। जिले से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहां खेलते-खेलते तालाब में गिरने से जुड़वा बहनों की डूबकर मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, बाराद्वार थाना क्षेत्र के लवसरा गांव में रहने वाली 6 वर्षीय दीप्ति गोंड और दिव्या गोंड अपने घर के पास खेल रही थीं। खेलते-खेलते दोनों बच्चियां तालाब के किनारे पहुंच गईं और इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से गहरे पानी में गिर गईं। घटना के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिससे समय रहते उन्हें बचाया नहीं जा सका। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने तालाब में दोनों बच्चियों के शव तैरते हुए देखे, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत दोनों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)29 अप्रैल 2026