लातेहार(ईएमएस)।उपायुक्त संदीप कुमार ने बुधवार को प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, उपस्थिति एवं अभिलेख संधारण का जायजा लिया। उपायुक्त ने उपस्थिति पंजी की जांच की तथा कैश बुक का भी अवलोकन करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को कई निर्देश दिया। उपायुक्त ने पंचायत सचिवों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने पंचायत सचिवालय में ही नियमित रूप से उपस्थिति दर्ज करें, ताकि कार्यों का सुचारू संचालन सुनिश्चित हो सके।उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जो भी जेई और एई अपने विभाग में स्थापित हैं, लेकिन उनकी प्रतिनियुक्ति संबंधित प्रखंड अंचल में है।उनके अनुपस्थिति का विवरण प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी द्वारा भेजे जाने के पश्चात ही डीडीओ द्वारा उनके वेतन का भुगतान किया जाएगा। इसके बाद उपायुक्त ने मंडल कारा का निरीक्षण किया।इस दौरान उन्होंने कारा परिसर में कैदियों को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया। उपायुक्त ने कैदियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली और व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर बल दिया।उन्होंने कहा कि कैदियों को सुधारात्मक वातावरण प्रदान करना आवश्यक है, जिससे वे समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें।निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने महिला वार्ड का भी अवलोकन किया।उन्हाेंने कैदियों के पुनर्वास के लिए उन्हें विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण(स्किल डेवलपमेंट) उपलब्ध कराने पर जोर दिया। मौके पर एसडीओ अजय कुमार रजक, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपनीय शाखा श्रेयांश, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन, सीओ नंद कुमार राम व बीडीओ मनोज तिवारी समेत कई अधिकारी उपस्थित थे। कर्मवीर सिंह/29अप्रैल/26