:: लक्ष्मीबाई नगर मंडी में गेहूं खरीदी व्यवस्था का लिया जायजा, किसानों के साथ बैठकर किया भोजन :: इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार इंदौर जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन का कार्य पूरी गति से चल रहा है। किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसे सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय है। इसी क्रम में कलेक्टर शिवम वर्मा ने आज दोपहर लक्ष्मीबाई नगर अनाज मंडी पहुंचकर व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर शिवम वर्मा ने मंडी परिसर में चल रही खरीदी प्रक्रिया, तौल व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि खरीदी कार्य में पारदर्शिता बनी रहे और किसानों को अपनी उपज बेचने में कोई परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर के साथ अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे। :: किसानों से किया सीधा संवाद :: निरीक्षण के दौरान कलेक्टर शिवम वर्मा ने मंडी आए किसानों से सीधे संवाद किया। उन्होंने उपार्जन व्यवस्था को लेकर किसानों से फीडबैक लिया, जिस पर किसानों ने तौल और भुगतान प्रक्रिया के सुचारू रूप से संचालित होने पर संतोष व्यक्त किया। :: किसान विश्राम गृह और भोजन व्यवस्था का जायजा :: कलेक्टर शिवम वर्मा ने किसान विश्राम गृह का भी निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं को परखा। इस दौरान उन्होंने मंडी की कैंटीन में पहुंचकर किसानों के साथ बैठकर भोजन किया और व्यवस्थाओं की गुणवत्ता पर सीधे चर्चा की। किसानों के बीच बैठकर भोजन करने के उनके सहज अंदाज ने उपार्जन केंद्र पर मौजूद सभी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। प्रकाश/29 अप्रैल 2026