राज्य
29-Apr-2026


:: 57 केंद्रों पर 23,160 परीक्षार्थी होंगे शामिल, आवागमन के लिए बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन से चलेंगी विशेष बसें :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर में आगामी 3 मई को नीट (यूजी) 2026 परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा के सफल और सुचारू संचालन के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले में कुल 57 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 23,160 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा केंद्रों तक परीक्षार्थियों को समय पर पहुँचाने के लिए जिला प्रशासन ने एआईसीटीएसएल की विशेष बसें उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। ये बसें सुबह 9 बजे से बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर उपलब्ध रहेंगी। प्रशासन ने इसके लिए चार प्रमुख रूट निर्धारित किए हैं, जो सांवेर, आईआईटी सिमरोल, आईआईएम और महू तक जाएंगे। परीक्षा संपन्न होने के बाद शाम 5 बजे से ये बसें वापसी के लिए उपलब्ध रहेंगी। :: पुख्ता सुरक्षा और मेडिकल सुविधा :: परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। यातायात को सुगम बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर मेडिकल स्टाफ की मौजूदगी रहेगी, साथ ही हर पांच केंद्रों पर एक एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है। दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए व्हीलचेयर और केंद्रों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए जनरेटर की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। इसके अलावा, परीक्षार्थियों के अभिभावकों के लिए केंद्रों के बाहर टेंट और पेयजल की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। :: अफवाहों से रहें दूर :: प्रशासन ने परीक्षार्थियों से आग्रह किया है कि वे किसी भी तरह की भ्रामक जानकारी और अफवाहों पर ध्यान न दें। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए हर केंद्र पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं और उड़नदस्तों द्वारा सतत निगरानी रखी जाएगी। प्रकाश/29 अप्रैल 2026