अंतर्राष्ट्रीय
29-Apr-2026
...


ट्रंप के काम से खुश नहीं 66 प्रतिशत अमेरिकी वाशिंगटन(ईएमएस)। अमेरिका में बढ़ती महंगाई और ईरान के साथ युद्ध का असर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की लोकप्रियता पर दिख रहा है। रॉयटर्स-इप्सोस के ताजा सर्वे के मुताबिक अमेरिका के 66 प्रतिशत लोग डोनाल्ड ट्रम्प के काम से ख्ुाश नहीं हैं। यानी केवल 34 प्रतिशत अमेरिकी उनके काम से संतुष्ट हैं। यह उनके मौजूदा कार्यकाल का सबसे निचला स्तर है। जनवरी 2025 में पद संभालते समय उन्हें 47 प्रतिशत लोगों का समर्थन मिला था। इसके बाद यह लगातार घटता गया। महंगाई इस गिरावट की सबसे बड़ी वजह बन रही है। सर्वे में सिर्फ 22 प्रतिशत लोगों ने कहा कि वे बढ़ती कीमतों को संभालने के तरीके से खुश हैं। पेट्रोल की कीमतों ने लोगों की चिंता बढ़ाई है। फरवरी के अंत में शुरू हुए युद्ध के बाद ईंधन 40 प्रतिशत से ज्यादा महंगा हो गया, जिसका असर सीधे घरेलू बजट पर पड़ रहा है। अर्थव्यवस्था में गिरावट अर्थव्यवस्था को लेकर ट्रम्प की रेटिंग 27 प्रतिशत रह गई है, जो उनके पहले कार्यकाल से कम है। ईरान के साथ संघर्ष पर 34 प्रतिशत लोग उनका समर्थन कर रहे हैं। रिपब्लिकन समर्थक अब भी उनके साथ हैं लेकिन पार्टी के भीतर महंगाई को लेकर असंतोष बढ़ रहा है। निर्दलीय वोटरों का झुकाव अब डेमोक्रेट्स की ओर नजर आ रहा है, जो आने वाले चुनावों में अहम साबित हो सकता है। विनोद, 29 अप्रैल, 2026