- ब्याज आय में वृद्धि और बेहतर प्रावधानों ने लाभ को बढ़ाया नई दिल्ली (ईएमएस)। वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में देश के प्रमुख वित्तीय संस्थानों ने प्रभावशाली नतीजे पेश किए हैं। सरकारी क्षेत्र के इंडियन ओवरसीज बैंक (आईओबी) ने 43.2 फीसदी की जबरदस्त वृद्धि के साथ 1,505 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया, जबकि निजी क्षेत्र के फेडरल बैंक ने 1,259 करोड़ रुपये का अब तक का सबसे अधिक मुनाफा कमाया। देश की सबसे बड़ी गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) बजाज फाइनेंस का लाभ भी 23 फीसदी बढ़कर 4,840 करोड़ रुपये हो गया। इन शानदार परिणामों के पीछे मुख्य रूप से शुद्ध ब्याज आय (एनआईआई) में मजबूत वृद्धि और बेहतर प्रावधान नीतियां रही हैं। आईओबी के लिए, शुद्ध ब्याज आय 11.1 फीसदी बढ़कर 3,470 करोड़ रुपये रही और प्रावधानों में 5.4 फीसदी की कमी देखी गई। दूसरी ओर फेडरल बैंक ने अपनी तिमाही कमाई में 22.23 फीसदी की वृद्धि दर्ज की, जिसकी मुख्य वजह शुद्ध ब्याज आय में लगभग 34 फीसदी की बढ़ोतरी रही। बैंक को 456 करोड़ रुपये के आयकर रिफंड और आयकर प्रावधानों के रिवर्सल से भी लाभ मिला। बजाज फाइनेंस ने मजबूत एनआईआई वृद्धि और ऋण हानि प्रावधानों में कमी के चलते एकल कर-पश्चात लाभ (पीएटी) में 23 फीसदी की वार्षिक वृद्धि दर्ज की। कंपनी का समेकित शुद्ध लाभ भी 22 फीसदी बढ़कर 5,553 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। इन परिणामों ने वित्तीय क्षेत्र में मजबूत वृद्धि के संकेत दिए हैं। सतीश मोरे/30अप्रैल ---