मुंबई (ईएमएस)। धूम्रपान करने वालों को सिगरेट की तलब अब उनके जेब पर और भारी पड़ने वाली है। प्रमुख तंबाकू कंपनियां आईटीसी और गाडफ्रे फिलिप्स 1 मई से सिगरेट के दाम में 17 फीसदी तक की बढ़ोतरी करने जा रही हैं। यह इस साल फरवरी में सरकार द्वारा उत्पाद शुल्क बढ़ाने के बाद दूसरी बड़ी कीमत वृद्धि होगी। दरअसल, 1 फरवरी को सरकार ने सिगरेट पर उत्पाद शुल्क में 30 से 40 प्रतिशत तक की वृद्धि की थी। शुरुआत में कंपनियों ने इस बढ़े हुए टैक्स का कुछ हिस्सा खुद वहन किया। लेकिन बिक्री में गिरावट और मुनाफे पर दबाव के चलते अब उन्होंने यह बोझ पूरी तरह ग्राहकों पर डालने का फैसला किया है। इस बढ़ोतरी का सीधा असर मशहूर ब्रांड्स पर दिखेगा। गोल्ड फ्लैक प्रीमियम का एक पैक जो अभी लगभग 115 में मिलता है, वह बढ़कर करीब 135 रुपए तक पहुंच जाएगा। इसी तरह, किंग साइज सिगरेट की प्रति स्टिक कीमत 20 से बढ़कर 25 से 28 रुपए के बीच हो सकती है। कीमतों में वृद्धि का असर बाजार में पहले ही दिख रहा है; अप्रैल में सिगरेट की बिक्री में करीब 20 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है, खासकर महंगे किंग साइज सेगमेंट में, क्योंकि लोग अब सस्ते विकल्प तलाश रहे हैं। सतीश मोरे/30अप्रैल ---