व्यापार
30-Apr-2026


- महाराष्ट्र दिवस पर नहीं होगी शेयरों की खरीद-बिक्री मुंबई (ईएमएस)। 1 मई शुक्रवार को महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर देश के प्रमुख शेयर बाजार एनएसई (नेशनल स्टॉक एक्सचेंज) और बीएसई (बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज) बंद रहेंगे। निवेशकों को अब 30 अप्रैल के बाद सीधे 4 मई को ही ट्रेडिंग का मौका मिलेगा। दोनों प्रमुख एक्सचेंजों का मुख्यालय मुंबई में होने के कारण हर साल 1 मई को महाराष्ट्र राज्य के गठन की याद में मनाए जाने वाले महाराष्ट्र दिवस पर बाजार में अवकाश रहता है। यह परंपरा 1960 में राज्य के गठन के बाद से चली आ रही है। मौजूदा वर्ष में कुल 16 ट्रेडिंग हॉलिडे निर्धारित हैं, जिनमें से 7 पहले ही बीत चुके हैं। 1 मई की छुट्टी के बाद, बाजार में 8 और दिनों का अवकाश रहेगा। इनमें शामिल हैं: 28 मई बकरीद, 26 जून मुहर्रम, 14 सितंबर गणेश चतुर्थी, 2 अक्टूबर गांधी जयंती, 20 अक्टूबर दशहरा, 10 नवंबर दिवाली, 24 नवंबर गुरु नानक जयंती और 25 दिसंबर क्रिसमस। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज 1 मई को सुबह के सत्र के लिए बंद रहेगा, लेकिन शाम 5 बजे से रात तक इसमें कारोबार जारी रहेगा। सतीश मोरे/30अप्रैल ---