क्षेत्रीय
30-Apr-2026


ग्वालियर ( ईएमएस ) | जिले में जनगणना के लिये संलग्न किए गए जो प्रगणक उत्कृष्ट कार्य करेंगे, उन्हें आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जायेंगे। अनुविभागीय जनगणना अधिकारी के प्रस्ताव के अनुसार अनुविभाग स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रगणकों को कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी द्वारा पुरस्कृत किया जायेगा। पुरस्कार के लिये चयनित प्रगणकों को प्रशस्ति पत्र व मूवी के टिकिट इत्यादि प्रदान किए जायेंगे। साथ ही कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्रीमती रुचिका चौहान के साथ पुरस्कृत प्रगणक को परिवार सहित डिनर करने का मौका भी मिलेगा। जिले के प्रत्येक अनुविभागीय जनगणना अधिकारी द्वारा अपने-अपने क्षेत्र के प्रथम 10, द्वितीय 10 एवं तृतीय 5 इस प्रकार कुल 25 प्रगणकों के नाम प्रस्तावित किए जायेंगे। प्रगणकों को पुरस्कार के लिये चयनित करने में देखा जायेगा कि प्रगणकों द्वारा कार्य कब प्रारंभ किया। कब समाप्त किया एवं क्या कार्य त्रुटि रहित था। इसके अलावा ऐसे कर्मचारी, प्रगणक अथवा पर्यवेक्षक जिन्होंने जनगणना कार्य में विशेष योगदान दिया है उन्हें भी सम्मानित किया जायेगा। खासकर स्वयं स्व-गणना करना एवं स्व-गणना के लिये अन्य व्यक्तियों को प्रोत्साहित करना, सीएमएमएस पोर्टल कार्य, चार्ज स्तर पर समस्त कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने वाले अधिकारी-कर्मचारी पुरस्कृत होंगे। ग्वालियर जिले में कुल 8 अनुविभाग हैं। इसलिये प्रत्येक अनुविभाग से प्रथम पुरस्कार के लिये 10 प्रगणकों के मान से कुल 80 प्रगणक, इतने ही द्वतीय श्रेणी के प्रगणक व तृतीय श्रेणी में प्रति अनुविभाग 5 प्रगणकों के मान से कुल 40 प्रगणक सम्मानित होंगे। प्रत्येक अनुविभाग से एक विशेष श्रेणी का पुरस्कार दिया जायेगा। इस प्रकार कुल 8 शासकीय सेवक विशेष श्रेणी के पुरस्कार से सम्मानित किए जायेंगे।