सिरोंज (ईएमएस)। शासकीय राजीव गांधी स्मृति चिकित्सालय में आज 30 अप्रैल को सोनोग्राफी सेवा का शुभारंभ किया गया। कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के विशेष प्रयासों से यह महत्वपूर्ण पहल विदिशा के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ रामहित कुमार तथा सिरोंज के बीएमओ डॉ नीरज पंथी के द्वारा पूरी कराई गई है। इस सेवा की शुरुआत विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ नेहा जैन द्वारा की गई। अस्पताल प्रशासन द्वारा जानकारी दी गई है कि डॉ नेहा जैन के साथ समन्वय स्थापित कर सप्ताह में एक निश्चित दिवस सोनोग्राफी जांच हेतु निर्धारित किया जाएगा, ताकि मरीजों को व्यवस्थित रूप से सुविधा उपलब्ध हो सके। साथ ही, इस नई सुविधा के व्यापक प्रचार-प्रसार की भी योजना बनाई गई है, जिससे क्षेत्र के अधिक से अधिक हितग्राही समय पूर्व जानकारी प्राप्त कर इस सेवा का लाभ उठा सकें। स्थानीय स्तर पर सोनोग्राफी सुविधा शुरू होने से मरीजों को अब अन्य शहरों में जाने की आवश्यकता कम होगी, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी। स्वास्थ्य विभाग के इस प्रयास को क्षेत्रीय नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। / ईएमएस /30/04/2026