राष्ट्रीय
30-Apr-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। चुनाव आयोग पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान के बाद सामने आई अनियमितताओं को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए 77 बूथों पर पुनर्मतदान कराने पर विचार कर रहा है। ये बूथ दक्षिण 24 परगना जिले की चार विधानसभा सीटों—फाल्टा, डायमंड हार्बर, मगरहाट और बजबज—में स्थित हैं, जहां 29 अप्रैल को मतदान हुआ था। आयोग के अधिकारियों के मुताबिक, फाल्टा से 32, डायमंड हार्बर से 29, मगरहाट से 13 और बजबज से तीन शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इन शिकायतों में ईवीएम में छेड़छाड़, मशीनों पर संदिग्ध पदार्थों के इस्तेमाल, बूथ कब्जाने और सीसीटीवी कैमरों को बाधित करने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शिकायतों की संख्या और प्रकृति को देखते हुए आयोग कोई जोखिम नहीं लेना चाहता। इसी क्रम में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने विशेष पर्यवेक्षक सुब्रत गुप्ता को जमीनी स्तर पर जांच के निर्देश दिए हैं। गुप्ता विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं और अन्य पर्यवेक्षकों से भी बातचीत कर रहे हैं। डायमंड हार्बर के मगरहाट पश्चिम क्षेत्र से एक बेहद गंभीर आरोप भी सामने आया है, जिसमें मतदाताओं की पसंद पर नजर रखने के लिए उनकी शर्ट की जेब में जासूसी कैमरे लगाए जाने का दावा किया गया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि सभी तथ्यों का आकलन करने के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा। यदि जरूरत पड़ी तो प्रभावित बूथों पर शुक्रवार को ही पुनर्मतदान कराया जा सकता है। सुबोध/३०-०४-२०२६