राष्ट्रीय
30-Apr-2026


पटना (ईएमएस)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को अधिवेशन भवन में डीएम और एसपी के साथ अहम बैठक कर कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया। 24 घंटे के भीतर दो बड़े हत्या मामलों और एक एनकाउंटर के बाद बुलाई गई इस बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि अपराध और भ्रष्टाचार पर किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने खासतौर पर बच्चियों से जुड़े अपराधों पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि दोषियों को जल्द पकड़कर कड़ी सजा दिलाई जाए। उन्होंने कड़ा बयान देते हुए कहा कि मृत बच्चियों की तेरहवीं से पहले अपराधियों की तस्वीर पर माला चढ़ जानी चाहिए, ताकि सख्त संदेश जाए। बैठक में उद्योगपतियों की सुरक्षा पर भी जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि निवेश का माहौल सुरक्षित बनाना प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही सभी अधिकारियों को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक अपने कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई और मरीजों को बिना जरूरत रेफर करने की प्रवृत्ति खत्म करने को कहा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला और अनुमंडल अस्पतालों को मजबूत बनाया जाएगा। शिक्षा के क्षेत्र में सुधार के लिए मॉडल स्कूलों को नेतरहाट विद्यालय और सिमुलतला आवासीय विद्यालय की तर्ज पर विकसित करने का निर्देश दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर प्रखंड में बेहतर स्कूल बनाकर शिक्षा का स्तर सुधारा जाएगा। सुबोध/३०-०४-२०२६