मथुरा (ईएमएस)। मथुरा में होटल और गेस्ट हाउस की आड़ में चल रहे अवैध देह व्यापार के खिलाफ पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया है। शहर के पॉश इलाकों में सक्रिय सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने 31 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि 27 लड़कियों को इस अवैध धंधे से मुक्त कराया गया है। यह कार्रवाई आईपीएस अधिकारी आशना चौधरी के नेतृत्व में शहर कोतवाली क्षेत्र में की गई। पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए कई होटलों को निशाना बनाया और पांच अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए। जांच में सामने आया कि कई लड़कियों को लालच या मजबूरी का फायदा उठाकर इस धंधे में धकेला गया था। पुलिस अब इस मामले में सिर्फ दलालों और संचालकों तक सीमित नहीं रहना चाहती। अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि जिन होटल मालिकों की मिलीभगत सामने आएगी, उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे होटलों को चिन्हित कर सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कार्रवाई के बाद शहर में हड़कंप मच गया है और कई इलाकों में सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस का कहना है कि धार्मिक नगरी में इस तरह की अवैध गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए अपराध पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके। सुबोध/३०-०४-२०२६