नई दिल्ली (ईएमएस)। पाकिस्तान के बहावलपुर में आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) को बड़ा झटका लगा है। संगठन के शीर्ष कमांडर मौलाना सलमान की एक अज्ञात वाहन की टक्कर में मौत हो गई। बुधवार को हुई इस घटना को संदिग्ध माना जा रहा है और इससे संगठन के भीतर हलचल तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि सलमान, मसूद अजहर का करीबी सहयोगी था और उसका नाम भारत में हुए कई बड़े आतंकी हमलों से जोड़ा जाता रहा है, जिनमें 2001 का संसद हमला और 2019 का पुलवामा हमला शामिल हैं। उसे बहावलपुर स्थित मार्कज सुभानअल्लाह में दफनाया गया, जहां कथित तौर पर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के अधिकारी भी मौजूद थे। सूत्रों के अनुसार, सलमान पहले ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान घायल हुआ था, जिसमें जेईएम के कई ठिकानों को निशाना बनाया गया था। हाल के दिनों में लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) और जेईएम के कई शीर्ष सदस्यों की रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत या हमले की घटनाएं सामने आई हैं। दो दिन पहले ही एलईटी के कमांडर शेख यूसुफ अफरीदी की भी अज्ञात हमलावरों ने हत्या कर दी थी। इसके अलावा, पिछले साल जेईएम के रणनीतिकार मौलाना अब्दुल अजीज अजार की संदिग्ध मौत और हाल में मौलाना आमिर हमजा पर हमले ने भी चिंता बढ़ा दी है। लगातार हो रही इन घटनाओं से आतंकी संगठनों में नेतृत्व संकट गहराता दिख रहा है, जबकि मसूद अजहर की सेहत को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। सुबोध/३०-०४-२०२६