नई दिल्ली (ईएमएस) । भारत और इटली ने गुरुवार को रक्षा क्षेत्र में सहयोग को नई ऊंचाई देने का बड़ा फैसला लिया है। दोनों देशों ने सैन्य हार्डवेयर के सह-उत्पादन के लिए एक मजबूत रक्षा औद्योगिक ढांचा विकसित करने का संकल्प लिया। यह निर्णय ऐसे समय में आया है जब पश्चिम एशिया में जारी संकट और बदलते वैश्विक सुरक्षा परिदृश्य ने रणनीतिक साझेदारियों की अहमियत बढ़ा दी है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उनके इतालवी समकक्ष गुइडो क्रोसेटो के बीच नई दिल्ली में हुई बैठक में द्विपक्षीय रक्षा और रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करने पर सहमति बनी। इस दौरान दोनों देशों ने 2026-27 के लिए द्विपक्षीय सैन्य सहयोग योजना (एमसीपी) का भी अनावरण किया। राजनाथ सिंह ने बताया कि वार्ता में पश्चिम एशिया की स्थिति सहित कई क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा हुई। साथ ही ‘आत्मनिर्भर भारत’ पहल और इटली की रक्षा सहयोग योजनाओं के तहत पारस्परिक रूप से लाभकारी औद्योगिक साझेदारी बढ़ाने के रास्तों पर भी विचार किया गया। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, भारत-इटली रणनीतिक साझेदारी शांति, स्थिरता और पारस्परिक सम्मान जैसे साझा मूल्यों पर आधारित है। दोनों देश हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने, समुद्री सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर सूचना साझा करने और रक्षा प्रौद्योगिकी के सह-विकास पर भी जोर दे रहे हैं। सुबोध/३०-०४-२०२६