राष्ट्रीय
30-Apr-2026


मुंबई (ईएमएस)। सलीम इस्माइल डोला को एक बड़े ड्रग तस्करी मामले में गुरुवार को मुंबई की अदालत ने नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की हिरासत में 8 मई तक भेज दिया है। करीब दो साल तक फरार रहने के बाद हाल ही में उसकी गिरफ्तारी हुई थी, जिसके बाद एजेंसी ने उससे पूछताछ के लिए 10 दिन की कस्टडी मांगी थी। एनसीबी के अनुसार, डोला अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेफेड्रोन सप्लाई करने वाला एक अहम कड़ी है और वह एक बड़े ड्रग सिंडिकेट से जुड़ा हुआ है। जांच एजेंसी का दावा है कि जून 2023 में जब्त 20 किलो मादक पदार्थ की सप्लाई भी उसी ने की थी। मामले में सह-आरोपी फैसल जावेद शेख, जिसे मुख्य सरगना बताया गया है, डोला के सीधे संपर्क में था। जांच में सामने आया कि वह हर महीने करीब 40 किलो मेफेड्रोन डोला से खरीदता था और मोटे मुनाफे पर बेचता था। एजेंसी ने इस मामले में अब तक 6.40 करोड़ रुपये की संपत्ति भी फ्रीज की है। एनसीबी ने अदालत को बताया कि शुरुआती पूछताछ में कई नए सुराग मिले हैं, जिनकी पुष्टि के लिए हिरासत जरूरी है। वहीं, बचाव पक्ष की वकील जेहरा चारानिया ने गिरफ्तारी पर सवाल उठाते हुए कहा कि कार्रवाई सिर्फ सह-आरोपी के बयान के आधार पर की गई है। जांच एजेंसियां अब इस पूरे अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क के अन्य कनेक्शन खंगालने में जुटी हैं। सुबोध/३०-०४-२०२६