कोलकाता (ईएमएस)। पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच ईवीएम की सुरक्षा को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेताओं ने कोलकाता में ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर धरना शुरू कर दिया है और मशीनों के साथ छेड़छाड़ की आशंका जताई है। राज्य की मंत्री शशि पांजा और टीएमसी के वरिष्ठ नेता कुणाल घोष ने खुदीराम अनुशीलन केंद्र के बाहर विरोध प्रदर्शन करते हुए आरोप लगाया कि केंद्रीय बलों ने जानबूझकर पार्टी कार्यकर्ताओं को वहां से हटाया। उनका कहना है कि इससे स्ट्रॉन्ग रूम के अंदर किसी तरह की गड़बड़ी की आशंका बढ़ गई है। नेताओं ने यह भी दावा किया कि स्ट्रॉन्ग रूम को अचानक खोले जाने की सूचना उन्हें ईमेल के जरिए मिली, लेकिन उस समय वहां मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं को पहले ही हटा दिया गया था। जब वे मौके पर पहुंचे तो उन्हें अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई, जबकि अन्य दलों के लोगों को प्रवेश दिया जा रहा था। इस बीच ममता बनर्जी ने भी एक वीडियो संदेश जारी कर कार्यकर्ताओं से स्ट्रॉन्ग रूम की निगरानी करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मतगणना (4 मई) तक सतर्क रहना जरूरी है। टीएमसी नेताओं ने भारतीय चुनाव आयोग से अधिक पारदर्शिता की मांग करते हुए सवाल उठाया कि यदि स्ट्रॉन्ग रूम खोला गया, तो सभी राजनीतिक दलों को इसकी जानकारी क्यों नहीं दी गई। ईवीएम सुरक्षा को लेकर उठे इस विवाद ने राज्य की सियासत को और गर्मा दिया है। सुबोध/३०-०४-२०२६