अंतर्राष्ट्रीय
30-Apr-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। सुप्रीम कोर्ट ने रिलायंस कम्युनिकेशंस (आरकॉम) से जुड़े कथित लोन फ्रॉड मामले में सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की नई स्टेटस रिपोर्ट को रिकॉर्ड पर ले लिया है। कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 8 मई को तय की है। मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्य कांत की अध्यक्षता वाली पीठ के समक्ष याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण ने दलील दी कि जांच में प्रगति के बावजूद कथित मुख्य आरोपी अनिल अंबानी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इस पर सरकार की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि वह किसी विशेष व्यक्ति की गिरफ्तारी पर टिप्पणी नहीं कर सकते, लेकिन एजेंसियों ने अपनी रिपोर्ट दाखिल कर दी है। अंबानी की ओर से पेश वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने अदालत से सुनवाई के दौरान विस्तृत पक्ष रखने का समय मांगा, जिस पर कोर्ट ने भरोसा दिलाया कि निर्णय से पहले सभी पक्षों को सुना जाएगा। यह मामला आरकॉम और उससे जुड़ी कंपनियों द्वारा लिए गए भारी बैंक ऋण में कथित अनियमितताओं और धोखाधड़ी से संबंधित है। ईडी के अनुसार, अब तक 3,034.90 करोड़ रुपये की संपत्तियां अस्थायी रूप से जब्त की गई हैं, जबकि कुल अटैच संपत्ति 19,344 करोड़ रुपये से अधिक हो चुकी है। जांच एजेंसियों का आरोप है कि फर्जी कंपनियों के जरिए लेन-देन कर 17 सरकारी बैंकों को भारी नुकसान पहुंचाया गया, जबकि कुल बकाया लोन 40,000 करोड़ रुपये से अधिक है। सुबोध/३०-०४-२०२६