वाशिंगटन/बर्लिन (ईएमएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के बीच तनातनी तेज हो गई है। ट्रंप ने लगातार दूसरे दिन मर्ज पर निशाना साधते हुए उन्हें रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म कराने और जर्मनी के आंतरिक मुद्दों पर ध्यान देने की नसीहत दी। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करते हुए कहा कि जर्मन नेतृत्व को वैश्विक मामलों में टिप्पणी करने से पहले अपने देश के संकटों पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने आव्रजन और ऊर्जा जैसे मुद्दों का जिक्र करते हुए मर्ज की नीतियों पर सवाल उठाए। ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर भी ट्रंप ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि ईरान के पास परमाणु हथियार होते, तो पूरी दुनिया के लिए गंभीर खतरा पैदा हो जाता। ट्रंप ने दावा किया कि उनकी सरकार ऐसे कदम उठा रही है, जो पहले ही उठाए जाने चाहिए थे। दरअसल, यह विवाद तब बढ़ा जब मर्ज ने अमेरिकी रणनीति पर सवाल उठाते हुए कहा था कि अमेरिका ईरान के साथ कूटनीतिक बातचीत को प्रभावी ढंग से आगे नहीं बढ़ा सका। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान को कम आंकना बड़ी भूल है और मौजूदा हालात से निपटने के लिए अमेरिका के पास स्पष्ट रणनीति नहीं है। सुबोध/३०-०४-२०२६