अंतर्राष्ट्रीय
30-Apr-2026


तेहरान (ईएमएस)। ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने फारस की खाड़ी क्षेत्र को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि इस इलाके में “नई शुरुआत” हो रही है और इसका भविष्य अब “अमेरिका के बिना” तय होगा। उनका यह संदेश ‘नेशनल पर्शियन गल्फ डे’ के मौके पर राज्य मीडिया इस्लामिक रिपब्लिक न्यूज एजेंसी के जरिए जारी किया गया। खामेनेई ने होर्मुज जलडमरूमध्य का जिक्र करते हुए कहा कि यहां से एक “नया अध्याय” शुरू हो रहा है, जो अमेरिका की कथित नाकामी का परिणाम है। उन्होंने दावा किया कि हाल के महीनों में चले अभियानों के दौरान ईरानी बलों ने अपनी ताकत, सतर्कता और साहस का प्रदर्शन किया है। उन्होंने यह भी कहा कि फारस की खाड़ी का भविष्य बाहरी हस्तक्षेप से मुक्त होगा और यह क्षेत्रीय देशों की प्रगति और समृद्धि के लिए काम करेगा। उनके अनुसार, स्थानीय शक्तियों की भूमिका मजबूत होगी और इससे क्षेत्रीय संतुलन बदलेगा। गौरतलब है कि फारस की खाड़ी और होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण हैं। इस क्षेत्र में लंबे समय से अमेरिका की सैन्य मौजूदगी रही है, जिसका ईरान लगातार विरोध करता रहा है। यह बयान ऐसे समय में आया है जब क्षेत्र में तनाव बना हुआ है, शांति वार्ताओं को लेकर अनिश्चितता है और कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी देखी जा रही है, जिससे वैश्विक बाजार में चिंता बढ़ गई है। सुबोध/३०-०४-२०२६