राज्य
30-Apr-2026


:: श्रम योगी मानधन और न्यूनतम वेतन जैसे विषयों पर नागरिकों को किया जा रहा जागरूक :: इंदौर (ईएमएस)। राज्य शासन के निर्देशानुसार इंदौर जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों और वार्डों में सभाओं का नियमित आयोजन किया जा रहा है। इन सभाओं का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं का लाभ पहुँचाना और स्थानीय स्तर पर जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना है। सहायक श्रमायुक्त ने बताया कि ग्राम सभाओं के माध्यम से आमजन को प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना सहित श्रम विभाग की विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही श्रमिकों को उनके अधिकारों के प्रति सजग करने के लिए अधिनियमों के प्रावधान, न्यूनतम वेतन की दरें और बाल श्रम व बंधुआ श्रम निषेध जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है। प्रशासन ने समस्त क्लस्टर और ग्राम पंचायतों के नागरिकों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र में आयोजित होने वाली इन सभाओं में अनिवार्य रूप से भाग लें। इन बैठकों के माध्यम से न केवल शासकीय योजनाओं की पात्रता और प्रक्रिया को समझा जा सकता है, बल्कि मौके पर ही अपनी समस्याओं को दर्ज कराकर उनका समाधान भी प्राप्त किया जा सकता है। अधिकारियों का मानना है कि सजग सहभागिता से ही अंतिम छोर के व्यक्ति तक विकास की योजनाओं का लाभ पहुँचना संभव है। प्रकाश/30 अप्रैल 2026