:: फायर फाइटिंग और नाइट विजन तकनीक से लैस ड्रोन का हुआ प्रदर्शन, भीड़ और ट्रैफिक कंट्रोल में मिलेगी मदद :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर पुलिस कमिश्नरेट ने स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में कदम बढ़ाते हुए अत्याधुनिक ड्रोन तकनीक को अपनी कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाया है। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में बुधवार को डीआरपी लाइन में इन आधुनिक ड्रोन्स का विस्तृत प्रदर्शन (डेमोंस्ट्रेशन) किया गया। अब शहर के हॉटस्पॉट और शैडो एरिया में असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए ड्रोन पेट्रोलिंग की जाएगी, साथ ही यातायात प्रबंधन में भी इनका प्रभावी उपयोग होगा। प्रदर्शन के दौरान ड्रोन लैब टेक्नोलॉजी अहमदाबाद द्वारा विकसित तीन विशेष प्रकार के ड्रोन्स की क्षमताएं दिखाई गईं। इनमें फायर फाइटिंग ड्रोन शामिल है, जो वॉटर होस सिस्टम और फायर बॉल एक्सटिंग्विशिंग तकनीक के जरिए ऊंची इमारतों या तंग गलियों में लगी आग पर काबू पाने में सक्षम है। इसके अलावा सन ड्रोन का प्रदर्शन किया गया, जो टेथर्ड और नॉन-टेथर्ड तकनीक पर आधारित है। इन ड्रोन्स में हाई-रेजोल्यूशन कैमरे, रियल-टाइम वीडियो ट्रांसमिशन और नाइट विजन जैसी सुविधाएं हैं, जो रात के अंधेरे में भी सटीक जानकारी देने में सक्षम हैं। :: आपात स्थिति में मिलेगी त्वरित मदद :: पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि इस नवाचार का उद्देश्य पुलिसिंग को अधिक प्रभावी और तकनीक आधारित बनाना है। भीड़ नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और किसी भी बड़ी आपदा या दुर्घटना के समय ये ड्रोन पुलिस के लिए तीसरी आंख का काम करेंगे। इनमें लगे माइक और लाइट्स के जरिए भीड़ को निर्देशित करना और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी करना आसान होगा। :: वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ डेमो :: लाइव डेमो के दौरान अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आरके सिंह, पुलिस उपायुक्त कुमार प्रतीक, कृष्ण लालचंदानी, राजेश व्यास, आनंद कलादगी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। मेजर अनिकेत और उनकी टीम ने ड्रोन्स के विभिन्न ऑपरेशन्स का प्रदर्शन किया। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस तकनीक के समावेश से न केवल अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस की प्रतिक्रिया का समय (रिस्पॉन्स टाइम) भी बेहतर होगा। प्रकाश/30 अप्रैल 2026