राज्य
30-Apr-2026


:: अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर दी बधाई; संबल योजना में अब तक 7720 करोड़ की दी गई सहायता :: भोपाल/इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस (1 मई) के अवसर पर प्रदेश के समस्त श्रमिक बंधुओं को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के लिए पूरी तरह समर्पित है और उनकी गरिमा का पूरा सम्मान करती है। प्रदेश में श्रमिकों के हितों के लिए कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं, जिनसे उनके जीवन स्तर में व्यापक सुधार आया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि संबल योजना के तहत अब तक 1.80 करोड़ से अधिक असंगठित श्रमिकों का पंजीयन किया जा चुका है। सरकार ने अब तक 8 लाख से अधिक प्रकरणों में 7,720 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता सीधे श्रमिकों के खातों में पहुंचाई है। योजना की संवेदनशीलता को बढ़ाते हुए अब इसमें गिग वर्कर्स (प्लेटफॉर्म आधारित कामगारों) को भी शामिल किया गया है। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए वेतन भुगतान की व्यवस्था डीबीटी और चेक के माध्यम से अनिवार्य की गई है। :: सेवानिवृत्ति की आयु बढ़ी, बाल श्रम पर पूर्ण प्रतिबंध :: श्रमिकों के हितों में किए गए बड़े बदलावों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब सवैतनिक अवकाश की पात्रता 240 दिन के स्थान पर 180 दिन के कार्य पर ही मिल सकेगी। साथ ही, सेवानिवृत्ति की आयु 58 से बढ़ाकर 60 वर्ष कर दी गई है। प्रदेश में श्रमिक संरक्षण के कड़े नियम लागू हैं, जिसके तहत 14 वर्ष तक के बाल श्रम पर पूर्ण प्रतिबंध है और 18 वर्ष तक के किशोरों के खतरनाक उद्योगों में कार्य करने पर रोक लगाई गई है। ई-श्रम पोर्टल पर अब तक 1.93 करोड़ से ज्यादा श्रमिक पंजीकृत हो चुके हैं। श्रमिकों के बच्चों के भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए श्रमोदय आवासीय विद्यालयों में निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जा रही है। इन विद्यालयों के माध्यम से बच्चों को जेईई, नीट और रक्षा सेवाओं जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री जनकल्याण शिक्षा प्रोत्साहन योजना के तहत उच्च शिक्षा का शुल्क भी सरकार वहन कर रही है। इसके अतिरिक्त, श्रमिकों के लिए रियायती दर पर भोजन, रैन बसेरों की व्यवस्था और तकनीकी प्रशिक्षण जैसे कई सुरक्षात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। प्रकाश/30 अप्रैल 2026