:: पर्यटन और उद्योगों के लिए होगा हेलीपैड का विस्तार, रीवा से 24 हजार यात्रियों ने उड़ान भर रचा कीर्तिमान :: भोपाल/इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश को नागरिक उड्डयन के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाया जाएगा। विमानन सेवाएं न केवल पर्यटन को बढ़ावा देती हैं, बल्कि सुदूर अंचलों और पड़ोसी राज्यों के नागरिकों के लिए भी जीवन को सुगम बनाती हैं। मंत्रालय में गुरुवार को आयोजित विमानन विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश की विमानन नीति को नए आयामों से जोड़ा जाए। बैठक में मध्यप्रदेश नागरिक विमानन नीति-2025 की सफलता के आंकड़े साझा किए गए। बताया गया कि मात्र छह माह के भीतर रीवा एयरपोर्ट से 24 हजार यात्रियों ने हवाई सेवाओं का लाभ लिया है। रीवा से इंदौर की फ्लाइट में औसतन 85 प्रतिशत और रायपुर की फ्लाइट में 80 प्रतिशत से अधिक ऑक्यूपेंसी (यात्रियों की उपस्थिति) दर्ज की गई है। रीवा से दिल्ली के लिए भी सप्ताह में तीन दिन सेवाएं उपलब्ध हैं। मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि के लिए विभाग को बधाई दी। :: सिंहस्थ से पहले तैयार होगा उज्जैन एयरपोर्ट :: मुख्यमंत्री ने सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के मद्देनजर उज्जैन एयरपोर्ट के विकास कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। सरकार ने एयरपोर्ट के विस्तार के लिए 590 करोड़ रुपए की मुआवजा राशि स्वीकृत की है। उज्जैन का रनवे अब 2,700 मीटर लंबाई के साथ कुल 4,100 मीटर के क्षेत्र में विकसित होगा, जिससे बड़े विमानों की लैंडिंग संभव हो सकेगी। इसके साथ ही वाराणसी और पटना जैसे शहरों के लिए भी सीधी उड़ानें शुरू करने के प्रयास किए जाएंगे। :: मेट्रोपॉलिटन क्षेत्रों में बनेंगे हेलीपैड :: औद्योगिक विकास को गति देने के लिए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रदेश के विकसित हो रहे मेट्रोपॉलिटन क्षेत्रों और प्रमुख औद्योगिक परिसरों में हेलीपैड निर्माण को प्राथमिकता दी जाए। इसके लिए निजी क्षेत्र का सहयोग भी लिया जाएगा। पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा के विस्तार पर भी चर्चा हुई। :: शिक्षा से जुड़ेगा विमानन क्षेत्र :: डॉ. यादव ने नई शिक्षा नीति के तहत एविएशन पाठ्यक्रमों को रोजगारपरक शिक्षा से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं को दक्ष पायलट और तकनीकी अमला बनाने के लिए उच्च शिक्षा संस्थानों के माध्यम से विशेष कोर्स शुरू किए जाएं। बैठक में अपर मुख्य सचिव विमानन संजय कुमार शुक्ला, सचिव आलोक कुमार सिंह और लोकेश जाटव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। प्रकाश/30 अप्रैल 2026