राज्य
30-Apr-2026


:: आरोपी से बाइक, पिस्टल और एक लाख नगद बरामद, पहले से भी दर्ज हैं केस :: इंदौर (ईएमएस)। शहर के भंवरकुआं थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान फॉर्च्यूनर कार का कांच फोड़कर पिस्टल और नगदी चुराने वाले शातिर बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम ने घटनास्थल से लेकर शहर के विभिन्न रास्तों के लगभग 400 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिसके बाद आरोपी की पहचान हो सकी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई पिस्टल, सात कारतूस, एक लाख रुपए नगद और वारदात में इस्तेमाल पल्सर बाइक जप्त की है। जप्त मशरूका की कुल कीमत करीब चार लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार रायसेन निवासी फरियादी केशव सोनी 27 अप्रैल को पालदा स्थित मल्हार गार्डन में एक विवाह समारोह में शामिल होने आए थे। चोरों ने गार्डन के बाहर खड़ी उनकी फॉर्च्यूनर कार का कांच तोड़कर भीतर रखी लाइसेंसी पिस्टल और नगदी पर हाथ साफ कर दिया था। पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर थाना प्रभारी संतोष दूधी के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर मूसाखेड़ी निवासी सलमान खान (30) पिता रूपेंद्र दमोडे को घेराबंदी कर दबोच लिया। पूछताछ में सामने आया कि पकड़ा गया आरोपी सलमान खान आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ शहर के अन्य थानों में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस उपायुक्त जोन-4 आनंद कलादगी और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त दिशेष अग्रवाल के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई में सीसीटीवी फुटेज की भूमिका अहम रही। वारदात का खुलासा करने में भंवरकुआं थाना प्रभारी संतोष दूधी, उपनिरीक्षक रामकुमार रघुवंशी, आरक्षक शैलेंद्र, विनीत, अंकित, रविकांत, अरविंद और सायबर सेल जोन-4 की टीम की विशेष भूमिका रही। पुलिस अब आरोपी से शहर में हुई अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। प्रकाश/30 अप्रैल 2026