राज्य
30-Apr-2026
...


:: संभागायुक्त ने सराहा सकारात्मक दृष्टिकोण, अब शिवानी वर्मा संभालेंगी संयुक्त आयुक्त का पदभार :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर संभागायुक्त कार्यालय में पदस्थ संयुक्त आयुक्त (विकास) डी.एस. रणदा गुरुवार को अपनी शासकीय सेवा की आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हो गए। उनके विदाई समारोह में संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने रणदा के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि वे सदैव सकारात्मक परिणामों के लिए तत्पर रहे। सौंपे गए दायित्वों को समय सीमा में पूर्ण करना उनकी कार्यशैली की सबसे बड़ी विशेषता रही है। :: 6 जिलों में 13 साल रहे सीईओ :: रणदा का प्रशासनिक सफर 13 नवंबर 1991 को पुनासा में पहली पदस्थापना के साथ शुरू हुआ था। उनके नाम ग्रामीण विकास विभाग में सबसे अधिक समय तक जिला पंचायत सीईओ रहने का अनूठा रिकॉर्ड दर्ज है। वे प्रदेश के विभिन्न छह जिलों में कुल 13 वर्षों तक जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) के पद पर कार्यरत रहे। इसके अतिरिक्त उन्होंने मनरेगा में अतिरिक्त सीईओ के रूप में भी महत्वपूर्ण सेवाएं दीं। इंदौर संभागायुक्त कार्यालय में उनकी पदस्थापना 21 फरवरी 2025 को हुई थी। :: शिवानी वर्मा की इंदौर में पदस्थापना :: रणदा की सेवानिवृत्ति के उपरांत अब शिवानी वर्मा इंदौर की नई संयुक्त आयुक्त (विकास) होंगी। राज्य शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, राज्य स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) भोपाल में कार्यरत शिवानी वर्मा का स्थानांतरण प्रशासकीय आधार पर इंदौर संभाग के लिए किया गया है। विदाई समारोह के दौरान संभागायुक्त कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे, जिन्होंने रणदा के उज्जवल भविष्य की मंगलकामना की। प्रकाश/30 अप्रैल 2026