राज्य
30-Apr-2026


देहरादून (ईएमएस)। महानगर कांग्रेस कमेटी, देहरादून के अध्यक्ष डा. जसविंदर सिंह गोगी ने चंद्र रोड स्थित गांधी बस्ती (सूरज बस्ती) में गलत चिह्नीकरण के आधार पर की जा रही ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पर जोरदार नारेबाजी के बीच प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा। यहां डॉ. गोगी ने कहा कि यह बस्ती वर्षों पुरानी है और यहां के अधिकांश निर्माण निजी भूमि पर हुए हैं। पिछले लगभग पचास वर्षों से सैकड़ों परिवार यहां निवास कर रहे हैं तथा नगर निगम ने सड़क, पानी, स्कूल जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद हाल ही में विभिन्न विभागों के बिना स्पष्टता के नोटिस जारी कर बस्ती को उजाड़ने की कार्रवाई की जा रही है, जो पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार का चिह्नीकरण किया भी जाता है, तो वह एक समान मापदंडों के अनुसार होना चाहिए। लेकिन वर्तमान में कुछ घरों को छोड़कर बाकी को निशाना बनाया जा रहा है, जो भेदभावपूर्ण और अन्यायपूर्ण है। उन्होंने यह भी बताया कि बस्ती के पास स्थित विद्यालय, शौचालय और सामुदायिक भवन वर्षों से उपयोग में हैं और इनका निर्माण भी नियमों के अंतर्गत हुआ है। डॉ. गोगी ने प्रशासन से मांग की है कि गलत चिह्नीकरण को तुरंत रोका जाए और पुनः सर्वे कर निष्पक्ष कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जब तक स्पष्ट एवं न्यायसंगत मापदंड तय न हों, तब तक किसी भी प्रकार का ध्वस्तीकरण न किया जाए। सभी नागरिकों के साथ समान व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/30 अप्रैल 2026