:: समय पर और पर्याप्त जलापूर्ति के निर्देश, टैंकर व्यवस्था की कार्यप्रणाली का भी किया बारीकी से निरीक्षण :: इंदौर (ईएमएस)। शहर की जल प्रदाय व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और भीषण गर्मी में नागरिकों को जल संकट से बचाने के लिए महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने गुरुवार को बिजलपुर स्थित जल यंत्रालय एवं नर्मदा जल नियंत्रण कक्ष का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शहर के विभिन्न हिस्सों में की जा रही पानी की सप्लाई व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान महापौर ने शहर की पानी की टंकियों को भरने की स्थिति और जलापूर्ति के समय को लेकर संबंधित इंजीनियरों से विस्तृत चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जल वितरण की पूरी प्रक्रिया सुचारू और पारदर्शी होनी चाहिए। महापौर ने स्पष्ट किया कि मुख्य लाइनों से लेकर टंकियों के भरने तक की निगरानी आधुनिक सिस्टम से की जाए ताकि लीकेज या अन्य बाधाओं को तुरंत दूर किया जा सके। :: टैंकरों की कार्यप्रणाली पर नजर :: महापौर ने जल यंत्रालय में पानी भरने के लिए तैनात टैंकरों की व्यवस्थाओं को भी देखा। उन्होंने टैंकरों के फेरे और वितरण की लॉग बुक की जानकारी ली। जलकर प्रभारी अभिषेक बबलू शर्मा की मौजूदगी में महापौर ने निर्देशित किया कि जिन क्षेत्रों में पाइपलाइन से पानी नहीं पहुँच पा रहा है, वहां समय पर टैंकर भेजे जाएं ताकि नागरिकों को परेशानी न हो। :: जल संकट न हो, यह प्राथमिकता :: महापौर ने अधिकारियों को कड़े लहजे में कहा कि शहरवासियों को पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध कराना निगम की पहली प्राथमिकता है। किसी भी क्षेत्र में जल संकट की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए बैकअप प्लान तैयार रखा जाए। निरीक्षण के दौरान निगम के वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी अमला मौजूद रहा। प्रकाश/30 अप्रैल 2026