राष्ट्रीय
01-May-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। राजधानी के एक मशहूर हेल्थ विशेषज्ञ ने सुबह की कुछ ऐसी आसान आदतों का जिक्र किया है, जिन्हें अपनाकर आप न केवल दिनभर तरोताजा महसूस कर सकते है। ये आदतें आपके दिन को हेल्दी और एनर्जेटिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। हेल्थ विशेषज्ञ ने बताया कि सुबह उठते ही सबसे पहले एक गिलास गर्म पानी पीना चाहिए। इस पानी में आधा नींबू और एक चम्मच शहद मिलाना अत्यंत फायदेमंद होता है। ध्यान रहे कि इसमें चीनी का इस्तेमाल बिल्कुल नहीं करना चाहिए। यह मिश्रण शरीर को प्राकृतिक रूप से डिटॉक्स करने में मदद करता है और आपके पाचन तंत्र को सक्रिय बनाता है। इससे पेट साफ रहता है और शरीर हल्का महसूस करता है, जिससे दिन की शुरुआत ताजगी भरी होती है। उन्होंने आगे बताया कि गर्म पानी पीने के लगभग आधे घंटे बाद योग करना बेहद जरूरी है। योग न केवल शरीर को लचीला बनाता है, बल्कि यह मानसिक शांति भी प्रदान करता है। नियमित योग करने से शरीर की ऊर्जा बढ़ती है और दिनभर काम करने की क्षमता में सुधार होता है। खासतौर पर आज के समय में, जब लोगों के पास अलग से व्यायाम का समय नहीं होता, सुबह का यह समय शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण हो जाता है। इसके अलावा, हेल्थ विशेषज्ञ ने सुबह की हल्की धूप लेने को भी स्वास्थ्य के लिए लाभकारी बताया। सुबह 6 से 6:30 बजे के बीच की धूप में कुछ देर बैठना या हल्की वॉक करना शरीर को प्राकृतिक रूप से विटामिन डी प्रदान करता है। यह विटामिन हड्डियों को मजबूत बनाने के साथ-साथ इम्यून सिस्टम को भी बेहतर करता है, जिससे आप बीमारियों से लड़ने में अधिक सक्षम होते हैं। यदि संभव हो तो इसी दौरान योग या ध्यान करना और भी अधिक फायदेमंद साबित हो सकता है। हेल्थ विशेषज्ञ ने यह भी बताया कि यदि कोई व्यक्ति रोजाना ये तीन आदतें – गर्म पानी पीना, योग करना और सुबह की धूप लेना – अपना लें, तो उसका पूरा दिन बेहतर और अधिक उत्पादक बन सकता है। इससे न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि त्वचा पर भी इसका सकारात्मक प्रभाव दिखाई देता है। गट हेल्थ यानी पाचन तंत्र भी मजबूत रहता है, जिससे कई बीमारियों से बचाव संभव है। आज के समय में, जब जीवनशैली से जुड़ी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं, ऐसे छोटे-छोटे बदलाव बड़ा असर डाल सकते हैं। सुदामा/ईएमएस 01 मई 2026