राष्ट्रीय
01-May-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। सर्वांगासन जिसे शोल्डर स्टैंड के नाम से भी जाना जाता है, एक अत्यंत प्रभावी योगासन है जो पाचन संबंधी समस्याएँ और हार्मोनल असंतुलन से निजात दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। योगाचार्य के अनुसार, यह आसन शरीर के सभी अंगों को लाभ पहुंचाता है और एक मजबूत तथा संतुलित शरीर का निर्माण करता है। सर्वांगासन के नियमित अभ्यास से थायरॉइड और पैराथायरॉइड ग्रंथियों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। ये ग्रंथियां शरीर में हार्मोन उत्पादन को नियंत्रित करती हैं, जिससे मेटाबॉलिज्म सुधरता है और हार्मोनल संतुलन बना रहता है। महिलाओं में पीरियड्स की अनियमितता और अन्य हार्मोनल समस्याओं में भी इस आसन से काफी राहत मिलती है। इसके साथ ही, सर्वांगासन से पेट के अंगों जैसे पेट, आंतें, लिवर और पैंक्रियास पर हल्का दबाव पड़ता है, जो पाचन क्रिया को सक्रिय करता है। यह कब्ज, ब्लोटिंग और अपच जैसी आम समस्याओं से छुटकारा दिलाने में मदद करता है, जिससे पाचन तंत्र मजबूत बनता है। आयुष मंत्रालय के दिशा निर्देशों में सर्वांगासन को पाचन सुधारने और एंडोक्राइन सिस्टम को सपोर्ट करने वाला एक उत्कृष्ट आसन बताया गया है। यह रक्त संचार को बेहतर बनाता है, तनाव कम करता है और संपूर्ण सेहत को बढ़ावा देता है। नियमित अभ्यास से थकान दूर होती है, शरीर में नई ऊर्जा का संचार होता है और वजन नियंत्रण में भी महत्वपूर्ण मदद मिलती है। योग एक्सपर्ट बताते हैं कि सर्वांगासन का अभ्यास करने के लिए सबसे पहले मैट पर पीठ के बल लेट जाएं। अपने हाथों को शरीर के बगल में रखें और हथेलियां नीचे की ओर हों। अब गहरी सांस अंदर लेते हुए दोनों पैरों को धीरे-धीरे ऊपर उठाएं। इस दौरान अपने घुटनों को सीधा रखें और पैरों, नितंबों तथा पीठ को और ऊपर उठाते हुए कंधों पर शरीर का भार लाएं। अपनी ठोड़ी को छाती से लगाएं। दोनों हाथों से पीठ को सहारा दें और सुनिश्चित करें कि कोहनियां जमीन पर टिकी रहें। शरीर को एक सीधी रेखा में खड़ा रखें, पैर ऊपर की ओर सीधे हों। इस स्थिति में 10 से 30 सेकंड तक बिना दबाव डाले रहें। शुरुआती लोग 10 सेकंड से शुरू करें और धीरे-धीरे समय बढ़ाएं। इस दौरान गहरी और सामान्य सांस लेते रहें। अभ्यास पूरा होने पर धीरे-धीरे वापस अपनी प्रारंभिक मुद्रा में आएं। हालांकि, सर्वांगासन के कई लाभ हैं, लेकिन एक्सपर्ट कुछ सावधानियां बरतने की सलाह भी देते हैं। सुदामा/ईएमएस 01 मई 2026