नई दिल्ली (ईएमएस)। लुटियंस दिल्ली में 27 अप्रैल को चचेरे भाईयों को अशोक रोड पर टक्कर मारकर फरार (हिट एंड रन) हुआ ट्रक चालक अभी तक पुलिस की पकड़ से दूर है। घटना के तीन दिन बीतने के बाद भी पुलिस फरार चालक तक नहीं पहुंच पाई। जबकि स्मार्ट सिटी के तहत नई दिल्ली में प्रमुख मार्ग सीसीटीवी से युक्त है। इतना ही नहीं जहां दुर्घटना हुई उससे पुलिस मुख्यालय भी चंद कदमों की दूरी पर है। बावजूद इसके मालवाहक ट्रक का लुटियंस दिल्ली में घूमना और घटना के बाद फरार रहना पुलिस जांच पर कई सवाल खड़े करता है। घटना के तीन दिन होने के बाद पुलिस यह तक बता नहीं पा रही है कि संवेदनशील और बेहद सुरक्षित इलाके में आखिर मालवाहक वाहन कैसे घूम रहा था। अगर, वह टक्कर मारने के बाद भी पूर्वी दिल्ली पहुंच जाता है तो इस दौरान कोई चेकिंग क्यों नहीं हुई। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/01/ मई/2026