नई दिल्ली (ईएमएस)। कविनगर रामलीला मैदान में श्रम विभाग की ओर से कन्या विवाह सहायता योजना के तहत शुक्रवार सामूहिक विवाह आयोजित किया जाएगा, जिसमें गाजियाबाद क्षेत्र के बुलंदशहर, गाजियाबाद और हापुड़ जनपदों के श्रम विभाग में पंजीकृत 92 श्रमिकों की बेटियां वैवाहिक बंधन में बंधेंगी। एक ही पंड़ाल के नीचे मुस्लिम जोड़ों का काजी निकाह पढ़ाएंगे और पंड़ित मंत्रोच्चार और रीति रिवाजों के साथ हिंदू जोड़ों के सात फेरे कराते नजर आएंगे। श्रम विभाग की ओर से वैवाहिक रस्मों के साथ ही करीब एक हजार से अधिक लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई है। इसमें वर-वधु पक्ष के 10-10 लोगों को शामिल हो सकेंगे। उप श्रमायुक्त अनुराग मिश्र ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन की ओर से पुत्री की शादी के लिए पंजीकृत श्रमिक और अभिभावक के खाते में 85 हजार रुपये की सहायता राशि भेजी जाएगी। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/01/ मई/2026