राज्य
01-May-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली में जल्द ही नमो यमुना क्रूज सेवा शुरू होने जा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता इसका उद्घाटन कर सकती हैं। 500 रुपये के टिकट पर सोनिया विहार से जगतपुरी तक 5 किमी का सफर तय होगा। पूरी तरह एसी युक्त यह बोट दिल्ली के रिवर पर्यटन को नई ऊंचाई देगी। दिल्ली की नई भाजपा सरकार राजधानी के निवासियों को एक बड़ी सौगात देने जा रही है। ‘नमो भारत’ ट्रेन के बाद अब दिल्लीवाले ‘नमो यमुना’ क्रूज के जरिए यमुना की लहरों पर सफर कर सकेंगे। दिल्ली सरकार के अधिकारियों के अनुसार, इस महीने यानी मई के अंत तक यमुना नदी में इस महत्वाकांक्षी क्रूज सेवा को हरी झंडी दिखाई जा सकती है। यमुना में क्रूज की शुरुआत वैसे तो 20 फरवरी को भाजपा सरकार के एक साल पूरे होने के अवसर पर होनी थी, लेकिन कुछ तकनीकी कार्यों और पेंटिंग की वजह से इसकी लॉन्चिंग टल गई थी। अब सफेद और नीले रंग का यह शानदार बोट पूरी तरह तैयार है, जिसे सोनिया विहार स्पोर्ट्स क्लब में रखा गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जल्द ही इसका भव्य उद्घाटन कर सकती हैं। पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने जानकारी दी है कि केंद्र सरकार के साथ मिलकर अगले एक महीने के भीतर इसके उद्घाटन की तारीख पर अंतिम मुहर लग जाएगी। यह क्रूज सोनिया विहार से जगतपुरी के बीच संचालित होगा। 5 किलोमीटर के इस सफर को पूरा करने में करीब एक घंटा लगेगा। यात्री क्रूज पर बैठकर यमुना के सुंदर घाटों और प्राकृतिक हरियाली का लुत्फ उठा सकेंगे। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/01/ मई/2026