-रेलवे भर्ती बोर्ड, भोपाल में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक भोपाल (ईएमएस) । रेलवे भर्ती बोर्ड, भोपाल कार्यालय में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की त्रैमासिक समीक्षा बैठक श्रीमती रश्मि दिवाकर, अध्यक्ष, रेलवे भर्ती बोर्ड, भोपाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में मार्च 2026 तक की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक के प्रारंभ में संपर्क राजभाषा अधिकारी एवं सहायक सचिव अनिल कुमार सिन्हा ने समिति अध्यक्ष सहित सभी सदस्यों को बैठक की औपचारिक जानकारी प्रदान की। तत्पश्चात सदस्य सचिव नीरज कुमार राजपूत ने रश्मि दिवाकर को पौधा भेंटकर स्वागत किया। इस अवसर पर रश्मि दिवाकर ने कहा कि देवनागरी लिपि में लिखी जाने वाली हिंदी भारत संघ की राजभाषा है तथा प्रशासनिक कार्य आमजन की भाषा में ही संचालित होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्रीय सरकारी कर्मचारी होने के नाते यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है कि भर्ती प्रक्रिया के साथ-साथ गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग द्वारा वर्ष 2026-27 हेतु निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए सकारात्मक प्रयास सुनिश्चित किए जाएं। बैठक के दौरान रेलवे बोर्ड, नई दिल्ली के निर्देशानुसार विश्व धरोहर दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों के क्रम में कार्यालय के राजभाषा अनुभाग द्वारा भारतीय रेल की विश्व धरोहर एवं उनका संरक्षणÓ विषय पर हिंदी में पावर प्वाइंट प्रस्तुति दी गई, जिसकी सभी उपस्थित सदस्यों ने सराहना की। आशीष पाराशर/01मई2026